
हाथरस 17 नवंबर। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के जलेसर रोड गंदा नाला स्थित एक परचून की दुकान से करीब दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जलेसर रोड गंदा नाला निवासी सोनू पुत्र स्वर्गीय महाराज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर में ही परचून की दुकान है। 17 नवंबर 2026 को जब उन्होंने दुकान में रखे गल्ले को देखा तो उसमें रखे करीब दो लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने दुकान के आसपास और घर में काफी तलाश की, लेकिन नकदी और आभूषणों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दुकानदार ने थाना हाथरस गेट में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच और चोरों की तलाश में जुटी है।






