
हाथरस 17 नवंबर। नगला भूरा निवासी युवक अजीत की मृत्यु के मामले में उसकी बहन ने पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने अजीत को प्रताड़ित किया और उसे आत्महत्या करने के लिए विवश किया। बहन की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजारामपुर पुन्हेरा, थाना जलेसर, जिला एटा निवासी ऊषा देवी ने शिकायत में बताया कि उनके भाई अजीत की शादी एक जुलाई 2025 को अलीगढ़ जिले के निधौना निवासी सत्यवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सत्यवती का व्यवहार झगड़ालू था। वह फोन पर बातचीत को लेकर भी अजीत से विवाद करती थी। बाद में सत्यवती अपने बहनोई सियाराम और राकेश के पास रहने चली गई।
ऊषा देवी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को सत्यवती, उसका भाई भीमा, मौसी पवित्रा देवी, मौसा रतन सिंह और दोनों बहनोई अजीत के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां सभी ने अजीत के साथ मारपीट की। इसके बाद 13 अप्रैल की रात सियाराम का फोन आने के बाद अजीत ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
14 अप्रैल की सुबह पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। बहन का आरोप है कि उसने इस मामले में पहले थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पत्नी सत्यवती समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।






