Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। जिला अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट का लाइसेंस निलंबित होने के बाद अल्ट्रासाउंड सेवा पिछले 37 दिनों से ठप पड़ी है। बीते 10 अक्टूबर से अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका हुआ है। इसके चलते रोजाना 30 से 40 मरीजों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ रहा है। जरूरतमंद मरीज निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों पर 600 से 1000 रुपये खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर हैं। बताया जाता है कि रेडियोलॉजिस्ट के रहने के दौरान जिला अस्पताल में प्रतिदिन 50 से 60 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जाते थे। मात्र एक रुपये में जांच की सुविधा मिलने के कारण अस्पताल खुलने से पहले ही मरीजों की कतार लग जाती थी। भीड़ अधिक होने पर मरीजों को आगे की तारीख दी जाती थी। अब सेवा बंद होने से सबसे अधिक परेशानी आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उठानी पड़ रही है।

रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति में अस्पताल में प्रतिदिन होने वाले 120 से 140 एक्स-रे और 35 से 40 सीटी स्कैन की जिम्मेदारी भी टेक्निशियन संभाल रहे हैं। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में एक्स-रे से जुड़े मेडिकोलीगल मामलों में भी परेशानी आ रही है। जिले के विभिन्न थानों से रोजाना आने वाले दो से तीन ऐसे मामलों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी से जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर करना पड़ रहा है। इससे पुलिस और पीड़ितों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामला वर्ष 2023 में छेड़छाड़ के एक प्रकरण में नाबालिग पीड़िता के चिकित्सकीय परीक्षण से जुड़ा है। आरोप है कि सभी दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद 16 वर्षीय किशोरी का गलत उम्र प्रमाणपत्र तैयार कर उसे 18 वर्ष का दर्शाया गया था। इस मामले में वर्ष 2024 में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार गुप्ता के खिलाफ शासन स्तर पर शिकायत की गई थी। जांच में दोषी पाए जाने के बाद मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने अक्टूबर में उनका लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित कर प्रैक्टिस पर रोक लगा दी।

सासनी के बिजलीघर निवासी अख्तर खान ने बताया कि उन्हें कई दिनों से पेट के एक तरफ दर्द हो रहा है, जो पीठ तक जाता है। उन्हें पथरी होने की आशंका है। पिछले आठ दिनों में वह दो बार जिला अस्पताल आ चुके हैं, लेकिन यहां अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है। उनके अनुसार, चिकित्सक भी फिलहाल अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने की बात कह रहे हैं। एक अन्य मरीज ने बताया कि उनकी बेटी पिछले 15 दिनों से पेट की समस्या से परेशान है। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी। निजी जांच का खर्च बचाने के लिए वह सासनी से जिला अस्पताल आए थे, लेकिन यहां पहुंचने पर पता चला कि अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है। उन्हें यह भी जानकारी नहीं मिल पा रही कि जांच की सुविधा दोबारा कब शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page