Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से जनपद स्तरीय एक दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति श्रीमती अंजुला सिंह माहौर तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी बृजेन्द्र कुमार ने बुके भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। युवा उत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ ही विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्र के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में सामूहिक लोकगीत में केंद्रीय विद्यालय, हाथरस के विद्यार्थियों ने प्रथम तथा श्री हरप्रसाद मानसिंह इंटर कॉलेज, हाथरस के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय, हाथरस की छात्राओं ने प्रथम तथा आरसी इंटर कॉलेज, हाथरस ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में जीजीआईसी, हाथरस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन प्रतियोगिता में आरसी गर्ल्स इंटर कॉलेज, हाथरस की छात्राओं ने प्रथम एवं जवाहर इंटर कॉलेज, मीतई के प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में आरसी गर्ल्स इंटर कॉलेज, हाथरस ने प्रथम, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी बृजेन्द्र कुमार एवं प्रधानाचार्य द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार तथा प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण ने किया। आयोजन को सफल बनाने में गौरव कुमार, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी हाथरस, प्रधानाचार्य बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, सत्यवीर सिंह वरिष्ठ सहायक, देवेन्द्र सिंह क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, आशीष शिव क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, ननवीर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं राजवीर सिंह पत्रवाहक सहित अन्य कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page