Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया। इस दौरान बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराई और पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने बताया कि विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की जा रही हैं। प्रत्येक मतदान स्थल पर बूथ लेवल एजेंट की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि राजनीतिक दलों की सहभागिता से मतदाता सूची को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10,54,576 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 5,75,759 पुरुष, 4,78,800 महिला तथा 17 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार 78-हाथरस में 3,73,360, 79-सादाबाद में 3,45,545 तथा 80-सिकंदराराऊ में 3,35,671 मतदाता दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक कुल 11,190 मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 1,379 मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया गया है। आम नागरिक अपने मतदान केंद्र पर बीएलओ के पास उपलब्ध मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं। 17 से 20 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे और त्रुटियों को चिह्नित करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने अथवा विवरण में संशोधन कराने के लिए 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। नागरिक अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यकतानुसार फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि नाम छूटा हुआ है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर आवश्यक सुधार कराएं, जिससे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए मतदाता सूची शुद्ध एवं अद्यतन रखी जा सके।

आमजन की सुविधा के लिए आलेख्य मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी, हाथरस की आधिकारिक वेबसाइट https://hathras.nic.in/deo-hathras/ पर उपलब्ध रहेगी। नागरिक वेबसाइट पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा एवं निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनपद स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर भी संचालित किया जा रहा है। नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 अथवा दूरभाष नंबर 05722-297083 पर संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम विलोपन, संशोधन, अपने क्षेत्र के बीएलओ, मतदान केंद्र एवं मतदेय स्थल तथा मतदाता पहचान पत्र से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन संबंधी शिकायतों का समाधान भी प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाह एवं जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, अपना दल (एस) जिला उपाध्यक्ष के.डी. शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सादाबाद बनी सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page