सादाबाद 16 नवंबर। न्याय शास्त्र के प्रणेता भगवान महर्षि गौतम की प्रतिमा स्थापना और चौक निर्माण की मांग को लेकर गौतम ब्राह्मण समाज ने एक बार फिर प्रयास तेज कर दिए हैं। समाजसेवी पं. सोनू गौतम और पं. राम गौतम ने 16 नवंबर को हाथरस के सांसद अनूप प्रधान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें सादाबाद नगर में स्टेट बैंक के सामने भगवान महर्षि गौतम की प्रतिमा स्थापित कराने और उनके नाम से चौक का निर्माण कराने की मांग की गई। समाजसेवी पं. सोनू गौतम और पं. राम गौतम ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी इस मांग को लेकर सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी (गुड्डू भैया) को ज्ञापन दिया गया था। समाज के अनुसार, सादाबाद में तीन महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की स्वीकृति मिलने के बावजूद उनमें न्याय शास्त्र के प्रणेता भगवान महर्षि गौतम का नाम शामिल नहीं किया गया, जिससे समाज के लोगों में निराशा है।
इसी क्रम में 14 नवंबर को पं. सोनू गौतम, पं. राम गौतम, ऋषि गौतम, विकास गौतम, प्रवेश गौतम सहित समाज के अन्य लोगों ने विधायक प्रदीप चौधरी को दोबारा ज्ञापन सौंपकर मांग से अवगत कराया था। इसके बाद 16 नवंबर को सांसद अनूप प्रधान से मुलाकात कर ज्ञापन दिया गया। समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, सांसद ने चौक निर्माण और प्रतिमा स्थापना की अनुमति दिलाने के लिए पूर्ण आश्वासन दिया और ज्ञापन आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को अग्रसारित कर दिया। गौतम ब्राह्मण समाज के लोगों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी और सादाबाद में भगवान महर्षि गौतम के नाम से चौक एवं प्रतिमा स्थापित हो सकेगी।






