सादाबाद 16 नवंबर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को स्टेट रिव्यू मिशन के अंतर्गत आगरा मंडल से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने ओपीडी से लेकर एफआरयू, चाइल्ड केयर यूनिट और ऑपरेशन थियेटर तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दर्ज कर उनकी रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही गई, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में आवश्यक सुधार कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. उपेंद्र कुमार और आगरा मंडल के डिप्टी सीएमओ डॉ. ऋषि गोपाल ने विभिन्न विभागों का जायजा लिया। टीम ने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति, साफ-सफाई, उपकरणों की उपलब्धता और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने शासन की ओर से निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर बिंदुवार निरीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि स्टेट रिव्यू मिशन के तहत जनपद में अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं। निरीक्षण में मिली कमियों की रिपोर्ट सीधे शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि सादाबाद सीएचसी पर मरीजों के साथ प्रसव का लोड काफी अधिक है। यहां हर महीने 300 से अधिक प्रसव हो रहे हैं और चिकित्सक उपलब्ध संसाधनों के बीच बेहतर कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई से संबंधित कमी सामने आई है, जिसे दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र पर अल्ट्रासाउंड और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ ऑन कॉल आते हैं। यहां हर महीने करीब 15 से 18 सिजेरियन ऑपरेशन भी किए जाते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और अन्य संसाधनों से जुड़े बिंदुओं को रिपोर्ट में शामिल किया गया है, ताकि शासन स्तर से आवश्यक व्यवस्था कराई जा सके। डिप्टी सीएमओ ने क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता को भी महत्वपूर्ण बताया। कहा कि इस संबंध में भी शासन को अवगत कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के समय एमओआईसी डा. दानवीर सिंह व अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे।










