Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 16 नवंबर। मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत सोमवार को सादाबाद इंटर कॉलेज में विधानसभा स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें तहसील क्षेत्र के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों और डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नियुक्त निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रतिभा और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इसके बाद निबंध और क्विज प्रतियोगिता से 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थी जिला स्तर पर सादाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। निबंध प्रतियोगिता में वैष्णवी चौहान, कौशल, आरती, यशी चौधरी, चंचल, पलक पचौरी, कृष्ण सिंह, न्यासा चौहान, मीणा और रूपेश का चयन हुआ। वहीं क्विज प्रतियोगिता में हसीन, हर्षवर्धन, सोफिया, तनु, दिव्यांशी गुप्ता, महक, सना, मंतिशा, रजत चौधरी और करिश्मा ने स्थान बनाया। मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार शिव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाए रखने और पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज कराने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। सभी पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के ज्ञान, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान निर्णायक मंडल के सदस्य मो. मिराज, श्रवण जैसवाल, अनिल कुमार, सतेंद्र गौतम, सुनीता पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक और स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page