
हाथरस 16 नवंबर। उत्तर प्रदेश में सोमवार से प्रारंभ हुए स्व-गणना (Self-Enumeration) अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करती है। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर आसानी से अपनी स्व-गणना कर सकते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्राप्त सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी को सुरक्षित रखें। यह आईडी आगामी जनगणना प्रक्रिया के दौरान उपयोगी होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि 01 दिसंबर से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान नागरिकों को प्रगणकों के समक्ष अपनी SE-ID प्रस्तुत करनी होगी। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से इस डिजिटल पहल से जुड़ने, परिवार का सही विवरण दर्ज करने और जनगणना में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया, ताकि जनपद के सटीक आंकड़े संकलित किए जा सकें और जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।










