Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों एवं दोपहिया बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। तेज गति से वाहन चलाने से बचें और सड़क पर हमेशा सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय वाहनों पर फ्लोरोसेंट रिफ्लेक्टिव स्ट्रिप का उपयोग करना चाहिए, जिससे वाहन दूर से दिखाई दे सकें। निर्धारित गति सीमा का पालन करने के साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग और अन्य लापरवाही से बचना चाहिए।

डीएम ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न संगठनों, वाहन चालकों और परिवहन से जुड़े लोगों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ड्राइविंग स्कूलों के माध्यम से आमजन को सुरक्षित एवं उचित तरीके से वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने पर भी विशेष जोर रहेगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और अनमोल जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर फ्लैग मार्च किया और आमजन को जागरूक किया। जिलाधिकारी ने एनसीसी कैडेट्स एवं दोपहिया वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों तथा सड़कों पर लगे विभिन्न यातायात संकेतकों के अर्थ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी से यातायात संकेतों को समझने और उनका पालन करने की अपील की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page