
हाथरस 16 नवंबर। युवाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और मतदाता सूची में नए मतदाताओं का नाम शामिल कराने के उद्देश्य से जनपद में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर को हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्रों में विद्यालय स्तर पर निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी, हाथरस के निर्देशानुसार 2 नवंबर से 20 नवंबर तक जनपद के विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत हाथरस विधानसभा क्षेत्र में पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस, सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में सादाबाद इंटर कॉलेज तथा सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र में आर्य कन्या इंटर कॉलेज में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस में उप जिलाधिकारी भुवनेन्द्र गोपाल एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज गोयल ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने लोकतंत्र में मतदान के महत्व और भावी मतदाता सूची के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राएं मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं।
वहीं, सादाबाद इंटर कॉलेज में नायब तहसीलदार शिव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता, पात्र नागरिकों के नाम सूची में दर्ज कराने और भावी मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के प्रति जागरूक किया। प्रतियोगिताओं में विधानसभा क्षेत्रवार विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से निबंध प्रतियोगिता के 10 तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के 10 विजेताओं का चयन किया गया है। इस प्रकार तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 60 विद्यार्थी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस, सादाबाद इंटर कॉलेज सादाबाद एवं आर्य कन्या इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ के प्रधानाचार्यों और विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज गोयल ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है।










