सिकन्दराराऊ 16 नवंबर। शासन के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सिकंदराराऊ रोड स्थित राज नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में बिना पंजीकृत ऑपरेशन सुविधा के मरीजों का ऑपरेशन किए जाने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम में दो महिलाएं भर्ती मिलीं, जिनके ऑपरेशन किए जा चुके थे। जांच में सामने आया कि नर्सिंग होम में ऑपरेशन की कोई सुविधा पंजीकृत नहीं है, इसके बावजूद यहां मरीजों को भर्ती कर ऑपरेशन किए जा रहे थे। इसके अलावा अस्पताल में ऑपरेशन करने के लिए कोई डॉक्टर भी पंजीकृत नहीं पाया गया। मौके पर मौजूद एक जीएनएम भी उक्त चिकित्सालय में पंजीकृत नहीं मिली।
डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे मामले का निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर मिले तथ्यों को लिखित रूप में दर्ज करते हुए अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया और दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालक भी मौके पर मौजूद मिले, लेकिन अधिकारियों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि संचालक की ओर से निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। मरीजों की जान और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










