सादाबाद (सहपऊ) 16 नवंबर। स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) की टीम ने क्षेत्र के 17 स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने क्षेत्र के 15 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों, आरती एवं मानिकपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और चिकित्सा कर्मचारियों के व्यवहार की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को भी बारीकी से परखा।
एसआरएम टीम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद कमियों को चिह्नित कर उनमें आवश्यक सुधार कराना तथा मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निरीक्षण टीम में अपर जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आगरा डॉ. पीयूष जैन, अपर शोध अधिकारी आगरा एसपी सत्संगी एवं प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन शामिल रहे।










