
हाथरस 15 नवंबर। बागला जिला अस्पताल परिसर में रविवार को स्टाफ आवासों के पास पड़े कूड़े के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और धुआं उठने लगा, जिससे अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आग आसपास खड़े वाहनों तक पहुंचने की आशंका से कर्मचारी घबरा गए और आनन-फानन में अपने वाहन वहां से हटाने लगे।
कूड़े के ढेर में आग लगने की जानकारी होते ही मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद कर्मचारियों ने मिट्टी और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने और वाहनों के सुरक्षित रहने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है।






