
हाथरस 15 नवंबर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने देवर, ससुर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पहले थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया था।
पीड़िता ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 13 अगस्त 2026 की रात वह घर में अकेली थी। उसका पति कपिल दुकान का सामान लेने बाहर गया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान उसका देवर सनी घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पति कपिल और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद प्रदीप और ससुर पप्पू ने भी महिला और उसके पति के साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर ने शिकायत करने पर पति सहित उसे घर से निकालने की धमकी भी दी।
महिला के अनुसार, घटना के बाद वह तहरीर लेकर थाने पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, फिर भी सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने सनी, प्रदीप और पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






