
हाथरस 15 नवंबर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव प्रताप में गेस्ट हाउस के बिक्री सौदे में मध्यस्थता करने वाली महिला को फोन पर अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी से खुद और अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव प्रताप निवासी ब्रह्मा शर्मा पत्नी बृजकिशोर ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही शिवशंकर उर्फ शीलू पुत्र राधेश्याम ने अपने राधे गार्डन गेस्ट हाउस का आधा हिस्सा उनकी बड़ी बहन जमुना कौशिक पत्नी अमरीश कौशिक निवासी प्रहलादपुर, दिल्ली को बेचने का सौदा किया था। इस सौदे में उन्होंने मध्यस्थता की थी और बिक्री की रजिस्ट्री भी हो चुकी है। आरोप है कि सौदा पूरा होने के बाद अब शिवशंकर उन पर अपनी बहन और बहनोई से अतिरिक्त रुपये दिलवाने का दबाव बना रहा है। रुपये न दिलवाने पर वह फोन पर अश्लील गालियां देता है और जान से मारने की धमकी देता है।
ब्रह्मा शर्मा के अनुसार, तीन नवंबर की सुबह शिवशंकर ने अपने फोन से और 12 नवंबर 2026 को दोपहर दूसरे नंबर से कॉल कर फिर गाली-गलौज की और धमकी दी। पीड़िता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि राधे गार्डन गेस्ट हाउस में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आना-जाना रहता है और शिवशंकर भी उनके साथ आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहता है। उसका दावा है कि पूर्व में पुलिस ने गेस्ट हाउस पर छापेमारी की थी, जिसमें शिवशंकर जेल भी जा चुका है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि यदि उसके या परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए शिवशंकर जिम्मेदार होगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






