
हाथरस 15 नवंबर। दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। इसी भावना को साकार करते हुए सामाजिक संस्था ‘नया नजरिया, नई राह’ ने सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। संस्था की ओर से सात कन्याओं के विवाह के अवसर पर उन्हें गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भेंट की गई, ताकि बेटियां अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत बेहतर तरीके से कर सकें। संस्था के सदस्यों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस सेवा कार्य में सातों कन्याओं को अलमारी, सिलाई मशीन, मेज-कुर्सी के सेट, मिक्सी, साड़ियां, सुहाग पिटारी, चादर, सूट, द्वार के बर्तन, चूड़ियां और चांदी की बिछिया सहित अनेक उपहार एवं गृहस्थी के उपयोगी सामान भेंट किए गए। इस पहल का उद्देश्य बेटियों और उनके परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ उनके नए जीवन की शुरुआत को सुखद और सुगम बनाना रहा। संस्था के सदस्यों ने पूरे आत्मीय भाव से इस कार्य में सहभागिता निभाई। बेटियों की विदाई के समय उनके परिवारों की ओर से मिले आशीर्वाद ने संस्था के सदस्यों को भावुक कर दिया और सेवा कार्य को सफल बनाने का आत्मिक संतोष दिया।
इस पुनीत कार्य में दीप्ति अग्रवाल के साथ पिंकी भाभी, नमिता भाभी, नीलम भाभी, मीनू, नीरू भाभी, पूनम भाभी, सपना भाभी, सीमा, सारिका, रेखा, ज्योति और लीना का विशेष सहयोग रहा। संस्था की ओर से सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि जब अपनों का साथ और सहयोग मिलता है, तो हर कठिन कार्य आसान हो जाता है। ठाकुर जी की कृपा से संपन्न हुए इस सेवा कार्य के लिए उनके चरणों में आभार अर्पित किया गया। संस्था के सदस्यों ने भविष्य में भी सेवा, सहयोग और मानवता के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।











