
हाथरस 15 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित समय-सारिणी की जानकारी देते हुए मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में राजनीतिक दलों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें और आयोग की संशोधित समय-सारिणी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी ने आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यक्रम में किए गए संशोधनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जाएगा।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरणों में संशोधन कराने अथवा किसी प्रविष्टि के संबंध में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पात्र नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित किया गया है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राज कपूर, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत तथा गोपाल गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











