
हाथरस 14 नवंबर। सासनी के विजयगढ़ रोड स्थित किला तिराहे के पास आज शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक OYO होटल के बाहर पहुंचे युवक और युवती को युवती के परिजनों ने घेर लिया। परिजनों को सामने देखकर युवती मौके से निकल गई, जबकि युवक को स्वजनों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती शनिवार को किसी काम से कस्बे में आई थी। इसी दौरान वह एक युवक के साथ किला तिराहे के पास स्थित होटल की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हो गई। इसके बाद परिजन पीछा करते हुए होटल के गेट पर पहुंच गए और दोनों को घेर लिया।
अचानक परिजनों को सामने देखकर मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। इसी दौरान युवती वहां से निकलकर चली गई, जबकि परिजनों ने युवक को पकड़ लिया। घटना को देखने के लिए मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





