
हाथरस 14 नवंबर। मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनपद में 17 नवंबर से डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर सक्रिय किया जाएगा। इस सेंटर के माध्यम से नागरिक मतदाता सूची एवं निर्वाचन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त करने के साथ ही अपनी शिकायतें और सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे। डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर की सुविधा 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध रहेगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत आलेख्य निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाना निर्धारित है। इसी क्रम में मतदाताओं की सहायता के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर को क्रियाशील किया जा रहा है। नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 और लैंडलाइन नंबर 05722-297083 पर कॉल करके मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम विलोपित कराने, नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन, अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), मतदान केंद्र और मतदाता पहचान पत्र (EPIC) से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा निर्वाचन से जुड़ी अन्य समस्याओं एवं शिकायतों का भी समाधान कराया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी, हाथरस ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष कैंप दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों नागरिक अपने नजदीकी मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा अपात्र मतदाताओं के नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 भर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पात्र नागरिकों से निर्धारित विशेष कैंप दिवसों का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और विवरणों की जांच करने की अपील की है।









