
हाथरस 14 नवंबर। जनपद के जिला चिकित्सालय में MRI जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग अब शासन स्तर तक पहुंच गई है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा अनुभाग-6 के संयुक्त सचिव चन्द्र शेखर मिश्र ने 5 नवंबर को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पत्र भेजकर जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए 21 प्रकरणों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य सागर शर्मा ने 7 अक्टूबर को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र भेजकर हाथरस जिला चिकित्सालय में दिव्यांगजनों, वृद्धजनों, गंभीर रूप से बीमार और अन्य जरूरतमंद मरीजों के हित में MRI मशीन एवं जांच सुविधा स्थापित कराने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में बताया था कि जिला चिकित्सालय में MRI जांच की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को जांच कराने के लिए अलीगढ़ अथवा आगरा जाना पड़ता है। जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, बुजुर्ग, गंभीर रूप से बीमार तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीज उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों के लिए दूसरे जनपदों में जाकर MRI जांच कराना काफी कठिन और खर्चीला साबित होता है। मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ जाते हैं। सागर शर्मा ने अपने पत्र में इस समस्या को उठाते हुए कहा था कि जिला चिकित्सालय में MRI जांच की सुविधा उपलब्ध कराना केवल स्वास्थ्य सेवाओं का विषय नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को समान और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के अधिकार से भी जुड़ा है। अब शासन स्तर से पत्र जारी होने के बाद जनपदवासियों को उम्मीद है कि जिला चिकित्सालय में MRI जांच सुविधा शुरू कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही होगी, जिससे मरीजों को जांच के लिए दूसरे जनपदों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।











