Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 13 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई का भव्य समारोह 14 नवंबर 2026 को अलीगढ़ में आयोजित होगा। दोनों भाइयों की एक साथ होने वाली सगाई को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंत्री संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी के साथ होगी। इस हाईप्रोफाइल समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीवीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सगाई समारोह के लिए अलीगढ़ के तलानगरी क्षेत्र में रामघाट रोड स्थित सेंट फिडेलिस स्कूल के पास विशाल मैदान को चुना गया है। करीब 100 बीघा जमीन पर वॉटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया गया है। आयोजन स्थल को भव्य रूप देने के लिए थाईलैंड और नीदरलैंड से विशेष फूल मंगवाए गए हैं। मेहमानों की खातिरदारी और खानपान की व्यवस्था संभालने के लिए करीब 1,000 लोगों की टीम लगाई गई है।

आयोजन में करीब 80 हजार से एक लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश की कई प्रमुख राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी समारोह का निमंत्रण भेजे जाने की जानकारी दी गई है। बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले इस समारोह में संभावित वीवीआईपी मेहमानों और भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध और रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन स्थल पर वीवीआईपी, वीआईपी और आमंत्रित मेहमानों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। सगाई समारोह के बाद मंत्री संदीप सिंह और मेघना चौधरी का विवाह 26 नवंबर 2026 को दिल्ली में प्रस्तावित है। वहीं, 27 नवंबर को भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। अलीगढ़ में होने वाला यह समारोह अपने विशाल आयोजन और वीवीआईपी मेहमानों की संभावित मौजूदगी के चलते चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page