
हाथरस 13 नवंबर। सिकंदराराऊ के फुलरई-मुगलगढ़ी में 2 जुलाई 2024 को साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग के बाद मची भगदड़ के मामले में न्यायालय में सुनवाई जारी है। बृहस्पतिवार को हाथरस के अपर सत्र एवं जनपद न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-1 में सुनवाई के दौरान आगरा में तैनात महिला उपनिरीक्षक गीता कुशवाहा के बयान दर्ज किए गए। इस मामले में अब तक 46 गवाहों की गवाही हो चुकी है। न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख निर्धारित की है। न्यायालय में बयान देते हुए एसआई गीता कुशवाहा ने बताया कि 2 जुलाई 2024 को वह पुलिस कमिश्नरेट आगरा में तैनात थीं। सिकंदराराऊ में सत्संग के दौरान भगदड़ मचने के बाद 21 शव एसएन मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस लाए गए थे। उन्हें पोस्टमार्टम से संबंधित पंचनामा की कार्रवाई के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।
उन्होंने बताया कि महिला कांस्टेबल भावना पाल के साथ उन्होंने मृतका गीता देवी निवासी गांव कोठी, एत्मादपुर (आगरा) के शव की पहचान उनके परिजनों से कराई थी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पंचनामा की कार्रवाई में इस बात का उल्लेख किया गया था कि गीता देवी की मौत भगदड़ के दौरान आई चोटों के कारण होने की आशंका है। सुनवाई के दौरान अभियुक्त पक्ष के अधिवक्ता ने महिला उपनिरीक्षक से तीखी जिरह की। इस मामले में न्यायालय में लगातार गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अब तक कुल 46 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। प्रकरण की अगली सुनवाई 19 नवंबर को होगी।








