Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 नवंबर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बघराया में रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि रुपये मांगने पहुंचे दो लोगों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। इस दौरान लोहे की रॉड से किए गए हमले में पिता के दांत टूट गए, जबकि पुत्र के पैर में चोट आई है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव बघराया निवासी आशीष कुमार पुत्र योगेंद्र सिंह ने थाना हाथरस जंक्शन में लिखित प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही दो नामजद व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि दोनों व्यक्ति उसके घर पहुंचे और रुपयों की मांग करने लगे। आरोप है कि उनके हाथों में लोहे की रॉड थी और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

आशीष कुमार के मुताबिक, उसने दोनों से कहा कि उनके बीच रुपयों का पुराना हिसाब पहले ही साफ हो चुका है, फिर किस बात के रुपये मांगे जा रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों कथित आरोपी आक्रोशित हो गए और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके पिता योगेंद्र सिंह के सिर और मुंह पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनके दांत टूट गए। वहीं, मारपीट में आशीष के पैर में भी चोट आई है। घटना के बाद आशीष अपने घायल पिता को लेकर थाना हाथरस जंक्शन पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने घायल योगेंद्र सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page