Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़11 नवंबर। मंगलायतन विश्वविद्यालय के 257 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में जॉब के लिए चयन अवसर मिले हैं। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। प्लेसमेंट प्रक्रिया में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, फार्मेसी आदि के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का चयन क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया प्राइवेट लिमिटेड, पावना इंडस्ट्रीज लिमिटेड, लर्निग रूट्स, एमकेयर फार्मा, हाइक एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड, शेखर सर्राफ हॉस्पिटल, बैंको प्रोडक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड, न्यू एलेनबेरी वर्क्स जैसे प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है।

कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग जगत की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी और व्यावहारिक कौशल से दक्ष बनाना है। इसके लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और शैक्षणिक तैयारी का परिणाम है। विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्यक्षेत्र में संस्थान का नाम रोशन करें।

ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डा. लव मित्तल ने बताया कि विद्यार्थियों को प्लेसमेंट के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नियमित रूप से मॉक इंटरव्यू, सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण और तकनीकी कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। प्लेसमेंट अधिकारी डा. विपिन कुमार व ट्रेनर राहुल शर्मा ने बताया कि कंपनियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों में विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page