
हाथरस 12 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जनपद में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों के साथ कथित अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित विभागों से जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई। ज्ञापन में संगठन ने विशेष रूप से इगलास फाटक के पास मधुगढ़ी में मथुरा रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा सासनी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पीछे कथित रूप से अवैध रूप से संचालित बूचड़खाने की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई है।
संगठन का कहना है कि धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित ऐसी दुकानों और बूचड़खानों से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। साथ ही स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए भी इस विषय पर ध्यान दिया जाना आवश्यक है। ज्ञापन के माध्यम से जनपद के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों का सर्वेक्षण कराने, बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित मानकों के संचालित प्रतिष्ठानों को नियमानुसार बंद कराने तथा भविष्य में नियम विरुद्ध संचालन रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में विश्व हिंदू परिषद के समरसता टोली सदस्य मुकेश सूर्यवंशी, जिला संगठन मंत्री देवराज, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, महेश वर्मा, मनोज वार्ष्णेय, हर्षित गौड़, शिवा राणा, नवीन वर्मा, प्रिंस अरोड़ा, हिमांशु, नैतिक शर्मा, लाला, साहिल वाल्मीकि और ईशू अरोड़ा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











