Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 नवंबर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जनपद में परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची अविलंब प्रकाशित कराने और शासन के निर्देशों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से पदोन्नति एवं विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है। ज्ञापन में संगठन ने बताया कि सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित कर 7 नवंबर 2026 तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। संगठन के अनुसार मैनपुरी, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर सहित विभिन्न जनपदों में पदोन्नति एवं विद्यालय आवंटन की कार्यवाही पूरी हो चुकी है या प्रगति पर है, जबकि हाथरस में अभी तक शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची भी प्रकाशित नहीं की गई है।

शिक्षक संघ ने मांग की कि सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक और प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पद रिक्त हो सकें। इसके बाद पदोन्नति से रिक्त हुए पदों को पहले से उपलब्ध रिक्तियों में शामिल करते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक तथा प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति और विद्यालय आवंटन की कार्रवाई नियमानुसार पूरी कराई जाए। संगठन का कहना है कि इस तरह चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाने से जनपद के अधिकतम पात्र शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिल सकेगा। ज्ञापन के दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मुरसान योगेंद्र कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सासनी संतोष कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हाथरस शशि कुलश्रेष्ठ, नगर मंत्री नीतेश वार्ष्णेय, गौरव पचौरी, राघवेंद्र गुप्ता और जितेंद्र कौशल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page