Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 नवंबर। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद के सभी कोल्ड चेन हैंडलर्स एवं सहायक कोल्ड चेन हैंडलर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और संबंधित विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव, कोल्ड चेन उपकरणों के संचालन और टीकाकरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पीसीआई के जिला समन्वयक दिनेश सिंह ने कोल्ड चेन हैंडलर्स को वैक्सीन के रखरखाव, उपकरणों की देखभाल और तापमान नियंत्रण के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने जनपद स्तर की कोल्ड चेन से ब्लॉक स्तर की कोल्ड चेन और वहां से एएनएम के टीकाकरण सत्र स्थल तक वैक्सीन की आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के बारे में प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही टीकाकरण से मना करने वाले परिवारों को जागरूक कर प्रतिरक्षित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया गया। भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पोर्टलों की कार्यप्रणाली और उनके उपयोग की जानकारी भी दी गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिए कि ड्यू लिस्ट के आधार पर वैक्सीन का वितरण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक टीकाकरण सत्र में कम से कम 15 लाभार्थियों का टीकाकरण कराया जाए। उन्होंने सत्र समाप्त होने के बाद ब्लॉक स्तर पर समीक्षा करने तथा टैली शीट के आधार पर खर्च की गई वैक्सीन के सापेक्ष टीकाकरण किए गए लाभार्थियों की संख्या का मिलान करने के निर्देश दिए। साथ ही यू-विन पोर्टल पर दर्ज लाभार्थियों की जानकारी की भी नियमित समीक्षा करने को कहा। प्रशिक्षण में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरसीएच डॉ. राजीव गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम, मंडलीय कॉर्डिनेटर एचवीएनसी हैदर रजा नकवी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलवीर सिंह वर्मा और पीसीआई जिला समन्वयक दिनेश सिंह सहित जनपद के सभी कोल्ड चेन हैंडलर्स एवं सहायक कोल्ड चेन हैंडलर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page