Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 नवंबर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति एवं विवाह कार्यक्रम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और कार्यक्रम में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक एवं गरिमामय वातावरण में कराया जाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता से किया जाए। लाभार्थियों के अभिलेखों और पात्रता का समय से सत्यापन कराते हुए विवाह कार्यक्रम से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं। सीडीओ ने कार्यक्रम स्थल पर विवाह मंडप, पंडाल, मंच, बैठने, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन, जलपान, साज-सज्जा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर-वधू और उनके परिजनों के आगमन, पंजीकरण, बैठने तथा विवाह की रस्मों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे किसी को असुविधा न हो।

उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, नगर निकाय एवं पंचायती राज विभाग को साफ-सफाई और पेयजल तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को लाभार्थियों के चयन, सत्यापन, पंजीकरण और विभागीय समन्वय की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाने को कहा गया। साथ ही विवाह समारोह में वर-वधू को दी जाने वाली निर्धारित सामग्री की गुणवत्ता और समय से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले वर-वधू और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम को सामाजिक समरसता, उत्साह और गरिमामय वातावरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page