Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 नवंबर। जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में 16 नवंबर से 29 नवंबर तक विशेष जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सभी विभागीय अधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे सबसे पहले स्वयं अपनी स्वगणना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अपने विभागीय कर्मचारियों, उनके परिवारों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी स्वगणना करने के बाद इसकी स्थिति विभागवार साझा करना सुनिश्चित करें। स्वगणना के दौरान कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से पांच प्रमुख श्रेणियों में जानकारी भरनी होगी। इनमें पहचान एवं परिवार, शिक्षा एवं भाषा, रोजगार, जन्म एवं माइग्रेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। इसके तहत व्यक्ति का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, मातृभाषा, शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और रोजगार से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी। इसके अलावा जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, बच्चों की संख्या तथा अन्य जानकारियां भी दर्ज करनी होंगी। अन्य जानकारी की श्रेणी में कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट नंबर से संबंधित विवरण भी शामिल हैं। जिलाधिकारी ने स्वगणना अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 16 से 29 नवंबर तक अलग-अलग विभागों और लक्षित समूहों के लिए विशेष दिवस निर्धारित किए हैं। इसके तहत 16 नवंबर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस, 17 नवंबर को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास दिवस, 18 नवंबर को युवा एवं खेल दिवस तथा सामुदायिक संस्थान एवं मीडिया दिवस, 19 नवंबर को पद्म पुरस्कार प्राप्त एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन तथा उच्च घनत्व वाले शहरी क्षेत्रों का दिवस और 20 नवंबर को न्यायिक दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में 21 नवंबर को वर्दीधारी बल दिवस, 22 नवंबर को केंद्रीय सरकारी कार्यालय एवं वित्त दिवस, 23 नवंबर को शिक्षा दिवस, 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस, 25 नवंबर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, 26 नवंबर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 27 नवंबर को डिजिटल एक्सेस सपोर्ट एवं विशेष आवश्यकता दिवस, 28 नवंबर को वर्क फ्रॉम होम दिवस तथा 29 नवंबर को प्राइड दिवस के रूप में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जनगणना के प्रचार-प्रसार के लिए जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने कार्यालयों, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में जनगणना से संबंधित सेल्फी प्वाइंट एवं फोटो प्वाइंट स्थापित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक इंटर कॉलेज एवं महाविद्यालय में विद्यार्थियों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने के साथ प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रत्येक बुधवार को विद्यार्थियों की जागरूकता रैली निकाली जाएगी। साथ ही विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में स्वगणना से संबंधित जानकारी दी जाएगी और सोशल मीडिया पर भी जागरूकता गतिविधियां साझा की जाएंगी। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर जनगणना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कूड़ा उठाने वाले वाहनों के माध्यम से भी जनगणना संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। जनपद के प्रत्येक बैंक, डाकघर, कोऑपरेटिव सोसायटी, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर स्वगणना के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्सी लगवाई जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंच सके। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सभी नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित दिवसों में अपने-अपने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना सुनिश्चित कराते हुए विभागवार संकलित सूचना उपलब्ध कराएं। इसके लिए गूगल शीट में विभागवार तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या तथा स्वगणना पूरी कर चुके कार्मिकों की आईडी संख्या दर्ज करनी होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। सभी संबंधित अधिकारी अभियान का प्रभावी प्रचार-प्रसार करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा कराना सुनिश्चित करें।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles
Check latest article from this author !
मुरसान : श्री हनुमान जी महाराज मंदिर के प्रांगण में हुआ भव्य श्रीराम कथा महोत्सव, “प्रभु से कृपा नहीं, करुणा मांगिए” – कौशल जी महाराज, दो दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा सहित अनेक प्रमुख हस्तियों ने की सहभागिता
अलीगढ़ : मंगलायतन विश्वविद्यालय के 257 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन
मथुरा : राष्ट्रीय मंच पर कुनाल वर्मा ने बढ़ाया राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी का गौरव, एम.फार्मा छात्र को शोध प्रस्तुतीकरण में मिला तृतीय पुरस्कार, मधुमेह उपचार में हृदय और गुर्दों की सुरक्षा पर किया महत्वपूर्ण शोध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page