
हाथरस 12 नवंबर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के लिए शासन ने तीसरी संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा। जारी समय-सारिणी के अनुसार नवीन (फ्रेश) आवेदन करने वाले कक्षा 9 और 11 के छात्र-छात्राएं 12 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन कर सकेंगे। आवेदन का फाइनल प्रिंट निकालने की अंतिम तिथि 19 नवंबर निर्धारित की गई है। वहीं, सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र की हार्डकॉपी विद्यालय में 19 से 22 नवंबर तक जमा करनी होगी। इसी प्रकार नवीनीकरण (रिन्यूअल) के तहत कक्षा 10 और 12 के छात्र-छात्राएं 12 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन नवीनीकृत कर सकेंगे और हार्डकॉपी जमा कर सकेंगे।
शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 13 नवंबर से 23 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा वास्तविक छात्र संख्या और अन्य विवरणों का सत्यापन 14 नवंबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा। शासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों में दर्ज विवरण, प्राप्तांक, पूर्णांक और उपस्थिति का अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए। साथ ही अपात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन निरस्त किए जाएं, ताकि योजना का लाभ केवल पात्र विद्यार्थियों को मिल सके। प्रशासन की ओर से जनपद के सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की गई है कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन, दस्तावेज जमा करने और सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी करें, जिससे कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।











