
हाथरस 11 नवंबर । कोतवाली सदर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज युवकों ने बाजार जाते समय उसे रास्ते में घेर लिया और बेल्ट व कड़े से जमकर मारपीट की। हमले में युवक घायल हो गया। पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
वालापट्टी निवासी देवीशरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 नवंबर को उनकी गली में यश पुत्र रामकुमार और सारंग सिकरवार के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान उनके बेटे उत्तम दीक्षित ने दोनों पक्षों के बीच पहुंचकर बीच-बचाव कराया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सारंग ने उत्तम को जान से मारने की धमकी दी थी। देवीशरण के अनुसार, 6 नवंबर की शाम उत्तम अपने दोस्त धीरज के साथ पूजा का सामान लेने बाजार जा रहा था। जैसे ही दोनों बोहरे वाली देवी मंदिर के सामने पहुंचे, वहां पहले से मौजूद सारंग सिकरवार पुत्र अजय सिकरवार निवासी नगरिया नंदराम, राहुल तेवतिया और दो-तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि सभी युवकों ने उत्तम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बेल्ट व हाथों में पहने कड़े से हमला कर दिया। इसके बाद उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी पीटा। शोर-शराबा सुनकर देवा पहलवान पुत्र बृजमोहन निवासी इगलास अड्डा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और उत्तम को हमलावरों से बचाया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय हमलावर उत्तम और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद पिता देवीशरण बेटे के इलाज में व्यस्त रहे, जिसके चलते वह 10 नवंबर को थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।









