हाथरस 11 नवंबर । जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत उत्तर प्रदेश के नागरिकों को अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा। स्वगणना की यह प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान नागरिक मोबाइल नंबर के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर लॉगिन कर अपने परिवार का पूरा विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) जारी की जाएगी। घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को नागरिकों को यह पहचान संख्या दिखानी होगी, जिसके आधार पर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा।
इस तरह पूरी होगी ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, स्वगणना के लिए नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल www.se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन करने के बाद मोबाइल पर प्राप्त OTP से सत्यापन करना होगा। पोर्टल पर अपनी सुविधानुसार भाषा चुनने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करने होंगे। अगले चरण में परिवार के निवास स्थान का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए जनगणना के पहले चरण में दर्ज मोबाइल नंबर का मिलान किया जाएगा। पोर्टल पर यह भी जानकारी मांगी जाएगी कि क्या परिवार उसी मकान में रह रहा है, जिसका विवरण पहले चरण में दिया गया था। इसके बाद मकान संख्या और पूरा पता दर्ज करना होगा। यदि परिवार पहले दर्ज किए गए स्थान पर निवास नहीं कर रहा है तो उसे पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल नक्शे के माध्यम से अपने नए निवास स्थान की लोकेशन चिह्नित करनी होगी।
जनगणना कर्मियों को दिखानी होगी SE ID
ऑनलाइन जानकारी भरने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी होने वाली SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। जब जनगणना कर्मी घर पर जानकारी के सत्यापन के लिए पहुंचेंगे, तब परिवार को यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी। स्वगणना की सुविधा का उद्देश्य नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर देना और जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है।










