Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 नवंबर । भाई दूज के पावन पर्व पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य और उनकी मुस्लिम बहन सलमा बेगम ने हिंदू-मुस्लिम एकता एवं सांप्रदायिक सद्भाव की अनूठी मिसाल पेश की। सलमा बेगम ने हिंदू रीति-रिवाज और परंपराओं के अनुसार अपने भाई चंद्रगुप्त विक्रमादित्य का तिलक किया, आरती उतारी और गोला, खिलौना एवं मिठाई भेंट कर भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। उल्लेखनीय है कि सलमा बेगम और चंद्रगुप्त विक्रमादित्य का भाई-बहन का रिश्ता वर्षों पुराना है। दोनों के बीच यह आत्मीय संबंध धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर है। पिछले कई वर्षों से सलमा बेगम रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई दूज पर तिलक एवं आरती कर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं।

इस अवसर पर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि भारत की असली पहचान अनेकता में एकता है। हमारी संस्कृति सभी को आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे के साथ रहने की सीख देती है। धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत और रिश्तों का धर्म एक ही है। सलमा बेगम उनकी बहन हैं और उनका रिश्ता किसी धर्म या मजहब का मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज में नफरत और वैमनस्य फैलाने के प्रयास किए जाते हैं, ऐसे पारिवारिक रिश्ते प्रेम, विश्वास और आपसी सद्भाव का मजबूत संदेश देते हैं। त्योहार केवल धार्मिक परंपराओं के निर्वहन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये दिलों को जोड़ने और रिश्तों में मिठास घोलने का अवसर भी प्रदान करते हैं। अंत में उन्होंने सभी देशवासियों से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता और देश की गंगा-जमुनी तहजीब को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page