
हाथरस 11 नवंबर । थाना हाथरस गेट क्षेत्र में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता को घेरकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने अधिवक्ता पर पूर्व में दर्ज मुकदमे में समझौता करने और उसे वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है।
यादव कॉलोनी निवासी हिमांशु चौधरी उर्फ हरिओम पुत्र स्वर्गीय रामवीर सिंह जिला एवं सत्र न्यायालय, हाथरस में अधिवक्ता हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोकोनट कैफे के पास अंकित और उसका भाई अमित सफेद कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों कार से उतरकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।
अधिवक्ता के अनुसार, जब उन्होंने गाली-गलौज करने का कारण पूछा तो आरोपितों ने कहा कि उन्होंने अपने गैंग के व्यक्ति बल्लू कुरैशी के खिलाफ थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों ने मुकदमे में जल्द समझौता कर उसे वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर एक आरोपित द्वारा थप्पड़ मारने का भी आरोप लगाया गया है।
हिमांशु चौधरी ने बताया कि घटना के दौरान वह अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग कर रहे थे, लेकिन इसी बीच उनका मोबाइल हाथ से छूट गया। घटना के समय मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार की पिछली सीट पर बल्लू कुरैशी पुत्र अनवार कुरैशी निवासी बगाली डॉक्टर वाली गली, नई दिल्ली मोहल्ला भी बैठा हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि तीनों एक राय होकर उन्हें नुकसान पहुंचाने आए थे, लेकिन मौके पर भीड़ जमा होने के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
अधिवक्ता ने तहरीर में यह भी बताया कि इससे पहले भी बल्लू कुरैशी द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसको लेकर उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि घटना के कुछ घंटे बाद अंकित ने उनके बड़े भाई तेजवीर को फोन कर दोबारा धमकी दी। पीड़ित ने अपने पास घटना से संबंधित ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही है।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।









