
हाथरस 10 नवंबर । रमनगला निवासी एक ई-रिक्शा चालक के परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब करंट की चपेट में आने से उसके 12 वर्षीय इकलौते बेटे की मौत हो गई। बालक घर में काम कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ बोर्ड में लगे विद्युत तार से छू गया और वह करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया।
जानकारी के अनुसार, रमनगला निवासी निर्मल सिंह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका 12 वर्षीय इकलौता बेटा ईशान घर में कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान किसी तरह उसका हाथ बिजली के बोर्ड में लगे विद्युत तार को छू गया। करंट लगते ही ईशान अचेत होकर घर में गिर पड़ा।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। वे आनन-फानन में ईशान को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ घर ले गए।






