
हाथरस 10 नवंबर । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में हाजीपुर के निकट सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दूसरे युवक के शव का पोस्टमार्टम अलीगढ़ में कराया जा रहा है। घायल युवक का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र में करवला के निकट रहने वाला 21 वर्षीय गौतम पुत्र संजीव कुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। उसकी बुआ कल्लो की ससुराल हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव महो में है। पिछले दिनों गांव में हुई मारपीट की घटना में कल्लो और उनके परिजन घायल हो गए थे। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बताया गया है कि गौतम अपने दो साथियों छोटू (21) पुत्र धर्मवीर और लव पुत्र प्रवीण के साथ बाइक से हाथरस आया था। दोनों साथी भी फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र में करवला के निकट के निवासी बताए गए हैं। तीनों युवक गांव महो से जिला अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदारों को देखने जा रहे थे। इसी दौरान हाजीपुर के निकट उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। छोटू की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं, तीसरे घायल युवक लव का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
पुलिस ने गौतम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि छोटू के शव का पोस्टमार्टम अलीगढ़ में कराया जा रहा है। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।






