
सादाबाद 10 नवंबर ।क्षेत्र के नगला छत्ती गांव में चित्रकार और कला अनुसंधानकर्ता डॉ. भेद प्रकाश सिंह ‘चित्रकार हाथरसी’ के घर उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर का स्वागत और सम्मान किया गया। कला, साहित्य, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े लोगों ने उन्हें फूलमाला और पटका पहनाया। उन्हें प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम में एसवीजी इंटर कॉलेज के वरिष्ठ प्रवक्ता रामचरण सिंह, योगवीर सिंह, नौगांव कॉलेज के उप प्रधानाचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति यथार्थ चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रामचरण सिंह ने किया। कार्यक्रम में भारतीय कला की परंपरा, आज की कला और युवा कलाकारों के भविष्य पर चर्चा हुई। डॉ. राजेंद्र सिंह पुंडीर ने कलाकारों और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि लगातार अध्ययन, कला-साधना और नए प्रयोगों से प्रतिभा निखारनी चाहिए। उन्होंने युवा कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एकम तेज फाउंडेशन के संस्थापक चौधरी तेजवीर सिंह ने कहा कि डॉ. भेद प्रकाश सिंह ने हाथरस जिले के बच्चों में चित्रकला के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। इससे कई बच्चे कला के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख पति यथार्थ चौधरी ने कहा कि डॉ. भेद प्रकाश सिंह उनके छोटे भाई हैं। उन्होंने अपनी कला और प्रतिभा से गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। वरिष्ठ शिक्षक योगवीर सिंह ने एसबीजे इंटर कॉलेज बिसावर में चित्रकला के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। बीएफए की पढ़ाई कर रहे और जिला स्तर पर टॉप करने वाले चित्रकार सुमित चौधरी, कनिष्का, निशु और प्रियंका कुमारी ने अपनी बनाई पेंटिंग भेंट कर अध्यक्ष का सम्मान किया। कार्यक्रम में विशंभर सिंह गुरुजी, विनोद चौधरी, कन्हैयालाल, सूरजभान सिंह, भेदजीत सिंह और योगेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। डॉ. भेद प्रकाश सिंह ने अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।










