Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 10 नवंबर । बिसावर में अज्ञात कारणों से लगी आग में किसान की पशुओं के चारे के लिए रखी पांच बीघा ज्वार की करब जलकर राख हो गई। आग की इस घटना में किसान को करीब 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर डायल 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की लपटों के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

बिसावर निवासी किसान दीवान सिंह पुत्र रेशम सिंह ने बताया कि गांव से अड्डे की ओर जाने वाले मार्ग पर पोस्ट ऑफिस पोखर के निकट उनका पशु बाड़ा है। पशु बाड़े के अंदर पशुओं के चारे के लिए रखी पांच बीघा ज्वार की करब में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर उन्होंने और आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। किसान ने तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने घरेलू समरसेबल चलवाकर पाइप और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। काफी प्रयासों के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पशुओं के चारे के लिए रखी पूरी ज्वार की करब जलकर राख हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने राख में से उठ रहे धुएं और आग की शेष चिंगारियों को बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। किसान के अनुसार इस घटना में करीब 12 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पशुओं के चारे का इंतजाम करने की चिंता अब किसान को सता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page