
सादाबाद 10 नवंबर । कोतवाली क्षेत्र के गांव मई में डॉक्टर की दुकान के सामने एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव गढ़ उमराव निवासी युवक ने मई गांव के कुछ युवकों पर एकराय होकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मारपीट में युवक की आंख, हाथ और सिर में चोट आई हैं। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव गढ़ उमराव निवासी आकाश कुमार पुत्र देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 नवंबर को वह किसी काम से गांव मई आया था। इसी दौरान डॉक्टर गोपाल सिंह की दुकान के सामने गांव मई के कुछ युवकों ने उसे घेर लिया।आरोप है कि युवकों ने एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वह खुद को बचा नहीं सका। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर उसे युवकों के चंगुल से छुड़ाया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने वाले युवक उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। मारपीट के दौरान उसकी आंख, हाथ और सिर में चोट आई हैं।
वहीं, उसके गले में पहनी सोने की जंजीर भी कहीं गिर गई, जिसका पता नहीं चल सका। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।









