
हाथरस 10 नवंबर । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई में घर के सामने सड़क पर खड़े युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो नामजद युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम मीतई निवासी शिवम कुमार पुत्र दिनेश सिंह ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि 9 नवंबर 2026 को शाम करीब तीन बजे वह अपने घर के सामने सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान शेखर पुत्र रणधीर सिंह निवासी मीतई और मोहित कुमार पुत्र शिवओम निवासी चितावर, थाना चंदपा मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों आते ही उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
शिवम के अनुसार, जब उसने गाली देने का विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी और उसे जमीन पर गिरा दिया। इससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पीड़ित ने 10 नवंबर को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि उसके शरीर पर कोई खुली चोट नहीं है और वह डॉक्टरी परीक्षण नहीं कराना चाहता। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।






