
हाथरस (मुरसान) 09 नवंबर। क्षेत्र के जटोई गांव में प्लाट के विवाद को लेकर एक महिला से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव जटोई की गीता देवी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गॉव के अशोक कुमार से प्लाट खरीदा था। सौदा गांव के लोगों के सामने शपथपत्र पर लिखा गया था। गीता देवी के मुताबिक, उन्होंने प्लाट की पूरी कीमत उसी समय अशोक कुमार को दे दी थी। आरोप है कि अब अशोक कुमार और कुछ अन्य लोग उन पर प्लाट वापस करने का दबाव बना रहे हैं और जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। गीता देवी ने बताया कि पांच नवंबर की सुबह करीब छह बजे अशोक कुमार अपनी पत्नी पूनम के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने उन्हें पकड़कर लात-घूंसों से पीटा और प्लाट वापस नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय गीता देवी के पति और परिवार के लोग खेत पर गए हुए थे। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बचाया।










