Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 नवंबर। दीपावली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी ने आगरा रोड स्थित नगला भुस के निकट अशर्फी ग्रामोद्योग संस्थान, छर्रा (अलीगढ़) द्वारा संचालित आवासीय वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने अपने परिजनों एवं अधिकारियों के साथ वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए और उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने दीपावली के पावन पर्व की शुरुआत अपने परिवार एवं अधिकारियों के साथ वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को फल वितरित करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ की है। त्योहारों पर बुजुर्गों का आशीर्वाद जीवन में सुख, समृद्धि और कल्याण का आधार होता है। उनकी सेवा और सम्मान में ही समाज का वास्तविक कल्याण निहित है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए आगे आए। यह प्रसन्नता का विषय है कि शहर के लोगों ने भी इस पुनीत कार्य में सहयोग दिया है। वृद्धाश्रम का संचालन कर रही संस्था द्वारा यहां निवासरत बुजुर्गों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी देखभाल, सेवा एवं सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें अपने बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए। उनके आशीर्वाद से ही सभी का कल्याण संभव है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, जिलाधिकारी के परिजन तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page