
हाथरस 09 नवंबर। अहिंसा के अग्रदूत जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण महोत्सव सकल जैन समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और धर्मोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर स्थानीय जैन मंदिर प्रांगण में एक दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सकल जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। निर्वाण महोत्सव के अवसर पर विश्व शांति, समस्त प्राणियों के कल्याण एवं आत्मशुद्धि की भावना से अखंड णमोकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से श्री महावीर चालीसा का पाठ किया और भगवान महावीर के गुणों एवं उनके उपदेशों का स्मरण किया। धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत प्रभु की आरती उतारी गई तथा मंगल गान के माध्यम से विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के बताए मार्ग अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रभावना एवं प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनके अहिंसा, प्रेम, करुणा और आपसी सद्भाव के संदेश को अपनाकर समाज में शांति एवं भाईचारे को बढ़ावा दिया जा सकता है। कार्यक्रम में श्वेतांबर स्थानकवासी जैन धर्मशाला के प्रबंधन मंत्री सुरेश चंद्र जैन, अध्यक्ष मनोज कुमार जैन, अतुल कुमार जैन एडवोकेट, अनिल जैन, रश्मि जैन, पूजा जैन, एंजेल जैन, रोहित जैन, एंजलीना जैन, सीमा जैन, पूनम जैन, रजनी जैन, सिद्धार्थ जैन, संजीव जैन, अनिल जैन, सोनिया जैन, विजय रानी जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में समस्त प्रबंध समिति एवं सकल जैन समाज की ओर से आयोजन में शामिल सभी साधर्मी बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।











