Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 नवंबर। दीपावली के पावन पर्व पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संध्या के समय शहीद स्मारक स्थल पहुंचकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने शहीदों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए और पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों के बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांति, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्रता और उल्लास के साथ त्योहार मना रहे हैं, उसके पीछे देश के वीर शहीदों का अमूल्य बलिदान है। देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर शहीद स्मारक स्थल पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि देने का उद्देश्य शहीदों के त्याग, बलिदान और योगदान को स्मरण करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके अदम्य साहस और देशभक्ति से प्रेरणा ले सकें। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का बलिदान सदैव याद रखा जाना चाहिए। इसके उपरांत शहर भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को मिष्ठान वितरित किया और उनसे आत्मीय संवाद कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ दीपावली मनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page