
हाथरस 07 नवंबर । मुरसान क्षेत्र में खेत में करब रखने के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक रिटायर्ड फौजी के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर रिटायर्ड फौजी को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली मुरसान पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगमोहन सिंह पुत्र गिर्राज सिंह निवासी ग्राम विशुनदास, कोतवाली मुरसान सेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 नवंबर की शाम पुष्कर सिंह और सुनील पुत्रगण चंद्रमोहन अपने कुछ परिजनों के साथ उनकी जमीन पर अपने खेत की करब रख रहे थे। इस पर जगमोहन सिंह ने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर रंजिश रखते हुए उसी शाम जब जगमोहन सिंह अपने घर के अंदर काम कर रहे थे, तभी पुष्कर सिंह, सुनील, चंद्रमोहन पुत्र गिर्राज सिंह और सोन देवी पत्नी चंद्रमोहन एकराय होकर लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपितों ने ईंट-पत्थर बरसाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने जगमोहन सिंह के साथ मारपीट की। शोर सुनकर उनके छोटे भाई की पत्नी संगीता बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपितों ने उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।






