बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, महिला थाने में मुकदमा दर्ज

हाथरस 07 नवंबर । दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर ससुरालजनों द्वारा एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रियंका पत्नी जयसिंह पुत्री नत्थूलाल निवासी ग्राम कुम्हरई परशारा, थाना कोतवाली हाथरस की शादी 11 मार्च 2024 को जयसिंह पुत्र संजय निवासी कृष्णा कॉलोनी, पलवल के साथ हुई थी। प्रियंका के अनुसार शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुरालजन आए दिन बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करते थे। आरोप है कि ससुरालजन उससे कहते थे कि अपने पिता से बेटे को बुलेट बाइक दिलवा दो, अन्यथा उसे घर में नहीं रहने दिया जाएगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 26 अगस्त 2026 को ससुरालजनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और घर से निकाल दिया। इसके बाद उसकी मां ने फोन पर ससुरालजनों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि बाद में प्रियंका अपने परिवार के सदस्यों और मां के साथ ससुराल पहुंची, जहां समझाने-बुझाने के दौरान उसके जेठ, सास और ससुर ने प्रियंका व उसकी मां के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में प्रियंका की आंखों में चोटें आईं। पीड़िता ने यह भी बताया कि वह गर्भवती है। मामले में महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






