
हाथरस। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम, कोतवाली सदर एवं हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पाक्सो एक्ट के मुकदमे में वर्ष 2019 से लगातार फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त महिपाल को गिरफ्तार कर लिया। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में महिपाल पुत्र सूरजपाल निवासी ग्राम सिरसाबदन, थाना मारहरा, जनपद एटा को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त थाना कोतवाली नगर पर पंजीकृत पाक्सो एक्ट के मुकदमे में काफी समय से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष न्यायाधीश पाक्सो प्रथम, हाथरस द्वारा भी लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशानुसार एसपी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस, कोतवाली नगर और हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित निवास स्थानों, रिश्तेदारों एवं अन्य ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सूचनाएं एकत्र की जा रही थीं। लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार को पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त महिपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।






