
लखनऊ 07 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। इसके बाद कर्मचारियों को अब 60 प्रतिशत के स्थान पर 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। इस संबंध में शासनादेश शनिवार को जारी कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारकों को भी मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा।
शासनादेश के अनुसार, 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक के महंगाई भत्ते के एरियर के भुगतान के लिए अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए व्यवस्था निर्धारित की गई है। सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से जुड़े कर्मचारियों का एरियर आयकर एवं सरचार्ज की कटौती के बाद निर्धारित सीमा के अंतर्गत उनके भविष्य निधि खाते में जमा किया जाएगा। यह धनराशि 1 नवंबर 2027 तक खाते में जमा रहेगी। विशेष परिस्थितियों में अंतिम प्रत्याहरण के नियम लागू होंगे। वहीं, राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) से जुड़े कर्मचारियों के मामले में एरियर की 10 प्रतिशत राशि उनके टियर-1 पेंशन खाते में जमा की जाएगी। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार नियोक्ता के रूप में एरियर की 14 प्रतिशत राशि के बराबर अंशदान भी टियर-1 खाते में जमा करेगी। शेष 90 प्रतिशत राशि पीपीएफ खाते में जमा कराई जाएगी अथवा राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) के रूप में दी जाएगी। एनएससी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित राशि नकद प्रदान की जाएगी।
सरकार ने सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके कर्मचारियों को भी विशेष राहत दी है। शासनादेश जारी होने से पहले जिन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त हो चुकी हैं, जो 1 जुलाई 2026 से शासनादेश जारी होने की तारीख के बीच सेवानिवृत्त हुए हैं अथवा अगले छह माह के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें महंगाई भत्ते के बकाये की पूरी धनराशि नकद दी जाएगी। योगी सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से जहां कर्मचारियों के मासिक वेतन में इजाफा होगा, वहीं जुलाई से अक्टूबर तक के एरियर का लाभ भी पात्र कर्मचारियों को मिलेगा।








