Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 नवंबर। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नवल नगर निवासी अधिवक्ता अनुज उपाध्याय ने हिस्ट्रीशीटर मोहित पर तीन लाख रुपये की चौथ मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने थानाध्यक्ष को तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। तहरीर के अनुसार, अनुज उपाध्याय पुत्र जगन स्वरूप उपाध्याय 24 अक्टूबर की शाम पत्नी के साथ चामुंडा मंदिर से दीपक जोड़कर घर लौटे थे। पत्नी घर के अंदर चली गई और वह मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान मोहित वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने उनकी जेब से रुपये निकाल लिए और धमकी देते हुए कहा कि कोठी, बंगला, गाड़ियां, सोने की चेन और अंगूठियां सब यहीं रह जाती हैं, बस एक गोली का काम है। आवाज सुनकर उनके पिता भी घर से बाहर आ गए। आरोप है कि इसके बाद मोहित ने तीन लाख रुपये की चौथ मांगी और तीन दिन के अंदर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अधिवक्ता के अनुसार, बाद में उन्हें जानकारी हुई कि आरोपित कुछ दिन पहले ही जिला कारागार अलीगढ़ से बाहर आया है और वह एक महिला की हत्या के मामले में जेल गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपित लोगों से चौथ वसूली और धमकी देने में लगा है। अधिवक्ता ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page